जयपुर , अक्टूबर 28 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को बूंदी जिले में की तालेड़ा पंचायत समिति में पदस्थापित जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट (संविदाकर्मी) भानुप्रताप सिंह को कार्यों के बिलों के भुगतान संबंधी कार्य की एवज में 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी कोटा को शिकायत प्राप्त हुई कि परिवादी द्वारा करवाए गए कार्यों के बिलों के भुगतान संबंधी कार्य की एवज में 70 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की जा रही है।
इस शिकायत पर एसीबी टीम ने ट्रेप कार्यवाही कर आरोपी भानुप्रताप को परिवादी से 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं पुलिस महानिरीक्षक एस. परमिला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित