पौड़ी , नवंबर, 01 -- उत्तराखंड में जनपद पौड़ी गढ़वाल के प्रसिद्ध बूंखाल मेले को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विकास भवन सभागार में रविवार को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।
बैठक में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बूंखाल मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था और समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक है। देवी के दर्शन के लिए प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। ऐसे में मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ स्थानीय परंपराओं और ग्रामीण पर्यटन को भी प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को चेकपोस्ट और बैरियर निर्माण समय से पूरा करने, पैठाणी से चौरीखाल तक सड़क पर पैचवर्क कराने तथा मंदिर के मुख्य द्वार से मंदिर परिसर तक मार्ग चौड़ा करने के निर्देश दिए। सड़क के तीव्र मोड़ों को दुरुस्त करने के साथ मेला स्थल के आसपास पर्याप्त अस्थायी पार्किंग विकसित करने पर भी जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं के वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जा सके और यातायात बाधित न हो।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित करने, लाउडस्पीकर लगाने तथा यातायात संचालन की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल कैंप लगाने और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं जिला पंचायत को मंदिर परिसर के आसपास सफाई, झाड़ी कटान, शौचालय और कूड़ेदान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित