पौड़ी , अगस्त 23 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल के ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात के दौरान तेजी से बढ़ने वाली झाड़ियों से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल पर रविवार को आपदा मद से प्रथम चरण में विभिन्न ग्राम पंचायतों को बुश कटर मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। मशीनों के माध्यम से गांवों के आसपास और संपर्क मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की नियमित कटाई की जा रही है।

बुश कटर मशीन उपलब्ध होने से ग्रामीणों को झाड़ियों की कटाई के लिए अब अधिक समय और श्रम नहीं लगाना पड़ रहा है। इससे गांवों में साफ-सफाई के साथ पैदल रास्तों और संपर्क मार्गों पर आवागमन भी सुगम हो रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर झाड़ियों की नियमित कटाई कर रास्तों को साफ और सुरक्षित बनाए रखना है।

ग्राम सभा बिचली ढांडरी में ग्रामीणों ने बुश कटर मशीन के माध्यम से गांव के आसपास उगी झाड़ियों की कटाई की। इसके साथ ही गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों के दोनों ओर की झाड़ियों को भी हटाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, इससे रास्तों पर आवाजाही आसान होने के साथ झाड़ियों में जंगली जानवरों के छिपे रहने की आशंका भी कम होगी।

ग्राम प्रधान अर्चना रौथाण ने बताया कि बुश कटर मशीन से झाड़ी कटान का काम पहले की अपेक्षा काफी आसान हो गया है। इससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि गांव के आसपास के क्षेत्रों और संपर्क मार्गों के किनारे नियमित रूप से झाड़ी कटान कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।

ग्रामीण दिनेश खत्री ने मशीन उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री धामी और जिलाधिकारी भदौरिया का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बुश कटर से समय-समय पर झाड़ियों की कटाई होने से गांव स्वच्छ रहेगा और झाड़ियों में जंगली जानवरों के छिपे होने का खतरा भी कम होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित