बुलन्दशहर , अगस्त 30 -- उत्तर प्रदेश के बुलन्दशहर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत चोला पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि एक अन्य अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
एसपी सिटी अभिषेक कुमार अजय ने बताया सिखेड़ा रोड स्थित पुरानी फैक्ट्री के निकट पुलिस टीम ने चोरी की पीतल की मूर्ति को पिघलाकर निकाले गए पीतल को बेचने पहुंचे बदमाशों की घेराबंदी की। बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, चोरी की मूर्ति को पिघलाकर निकाला गया करीब 70 किलोग्राम पीतल, एक अपाचे मोटरसाइकिल और एक ऑल्टो कार बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने 13 अगस्त को विवकाल कंपनी से पीतल की मूर्ति चोरी की थी। चोरी की मूर्ति को पिघलाकर पीतल निकाला गया था, जिसे बेचने के लिए आरोपी पहुंचे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में शाहरून, आमिर, फारुक और आसिफ शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, शाहरून के विरुद्ध 10, आसिफ के विरुद्ध दो तथा आमिर और फारुक के विरुद्ध एक-एक मुकदमा दर्ज है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस क्षेत्र में कांबिंग कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित