बुलंदशहर , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में खुर्जा नगर की पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले अंरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें और पांच मोबाइल फोन बरामद किये हैं।
पुलिस अधीक्षक (एसपी- ग्रामीण) अंतरिक्ष कुमार जैन ने सोमवार को बताया कि अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 28 जून को पुलिस के तलाशी अभियान के दौरान सीकरी मार्ग से चार आरोपियों को चोरी के पांच मोबाइल फोन तथा दो मोटरसाइकिलों सहित गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर सीकरी बंबे के निकट एक खाली प्लॉट से चोरी की छह अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गयीं। इस प्रकार कुल आठ मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष (निवासी हामिदपुर, थाना टप्पल, अलीगढ़), कुणाल (निवासी बगरई कला, थाना खुर्जा देहात), मोहित (निवासी सैंदा फरीदपुर, थाना खुर्जा देहात) तथा करण (निवासी बगरई खुर्द, थाना खुर्जा देहात) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने दो अन्य साथियों कपिल और रोहित के साथ मिलकर बुलंदशहर तथा आसपास के जनपदों से मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन चोरी करते थे। चोरी के वाहनों और मोबाइल फोन को वे राह चलते लोगों को घरेलू मजबूरी का हवाला देकर कम कीमत पर बेच देते थे तथा प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह के दो अन्य सदस्य कपिल और रोहित को 28 जून की रात मुंडाखेड़ा नहर के पास पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से लूटी गई एक बुलेट मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा अवैध असलहा और कारतूस बरामद किए गए थे।
बरामद मोटरसाइकिलों में खुर्जा नगर, जेवर (गौतमबुद्धनगर), खोडा (गाजियाबाद) तथा टप्पल (अलीगढ़) क्षेत्रों से चोरी की गयी मोटरसाइकिलें शामिल हैं। अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में भी आरोपियों ने आसपास के जनपदों से चोरी करने की बात स्वीकार की है, जिनका सत्यापन किया जा रहा है।
इस संबंध में इस सिलसिले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास तथा अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित