बुलन्दशहर , दिसम्बर 05 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 'ऑपरेशन कन्विक्शन' अभियान के तहत प्रभावी पैरवी में पुलिस ने नवम्बर में पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालयों में लम्बित अभियोगों के त्वरित निस्तारण के लिए एक जुलाई 2023 से पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके क्रम में बुलन्दशहर जिला में लंबित अभियोगों को चिह्नित कर निगरानी सेल, अभियोजन शाखा, कोर्ट मोहर्रिर, कोर्ट पैरोकार, विशेष लोक अभियोजक, सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता, अभियोजन अधिकारी तथा सहायक अभियोजन अधिकारियों द्वारा लगातार प्रभावी पैरवी की गई।

एसएसपी ने बताया कि इन संयुक्त प्रयासों के परिणामस्वरूप नवम्बर 2025 में न्यायालयों में विचाराधीन 132 अभियोगों में कुल 197 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। इसी उपलब्धि के आधार पर 'ऑपरेशन कन्विक्शन' अभियान में बुलन्दशहर पुलिस ने नवम्बर में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित