बुलन्दशहर , अप्रैल 13 -- बुलंदशहर जिले की अनूपशहर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में पुलिस अभिरक्षा से फरार 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि 12/13 अप्रैल की रात थाना अनूपशहर पुलिस और स्वाट टीम बुलन्दशहर अड्डे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन वह संभल रोड की ओर भाग निकला।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर कब्रिस्तान के सामने उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान विनोद शर्मा निवासी ग्राम जखेता, थाना शिकारपुर, जनपद बुलन्दशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस बरामद किये है।

पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है, जो वर्ष 2007 में न्यायालय परिसर से पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। इस मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसके विरुद्ध करीब आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित