बुलंदशहर , मई 28 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में गुरुवार हादसों का दिन साबित हुआ। जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में अब तक आठ लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर हालत में हायर सेंटर में भर्ती है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पहला हादसा गुलावठी क्षेत्र में हुआ, जहां नोएडा से वृंदावन और खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहे युवकों की ब्रेजा कार राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में स्याना थाना क्षेत्र के गांव बड़ा बाजिदपुर निवासी तथा एक वेब कंपनी में कार्यरत दीपक, शिवम और कानपुर निवासी आर्यन की मौत हो गई। हादसे में घायल उनके साथी विशाल का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दूसरा हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र के कुड़वल गांव में हुआ, जहां अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने राहगीरों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में गिरधारीपुर निवासी सीआईएसएफ जवान अशोक तथा कुड़वल निवासी जितेंद्र की मौत हो गई। तीसरी दुर्घटना सिकंदराबाद क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में हुई, जहां अज्ञात वाहन ने दो राहगीरों को कुचल दिया। हादसे में शाहजहांपुर निवासी दीपक और श्याम सुंदर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि दोनों युवक रोजगार की तलाश में बुधवार रात ही गांव से सिकंदराबाद पहुंचे थे। चौथा हादसा खुर्जा देहात क्षेत्र में हुआ, जहां दिल्ली पुलिस के सिपाही की रेसिंग सुजुकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में जमालपुर निवासी सिपाही योगेश की मौके पर ही मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित