बुलन्दशहर , मई 08 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दंपति एवं उनके तीन बच्चों की मौत हो गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के भांसौली कट के निकट हाईवे पर यह हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार परिवार खुर्जा से वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे हरियाणा नंबर के ट्रक ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी और उनके तीनों बच्चों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसएसपी ने बताया कि मृतकों की पहचान उत्तम कुमार (45), उनकी पत्नी उर्मिला (40), पुत्र निशांत (08), पुत्री दिशा (06) तथा पुत्री अनायरा (04) निवासी ग्राम धमैडा कीरत, थाना कोतवाली देहात, जनपद बुलन्दशहर के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित