बुलंदशहर , अगस्त 31 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सोमवार को नहर स्थित ढाबे पर खाना खाने जा रहे एक व्यापारी युवक को बातचीत के बहाने ले जाकर गोली मारने का मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई वारदात से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घायल युवक का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार अजय ने बताया कि नगर क्षेत्र के राधानगर निवासी प्रिंस गुप्ता उर्फ पुच्चन सोमवार दोपहर करीब दो बजे नहर स्थित एक ढाबे पर खाना खाने जा रहा था। महाराणा प्रताप रोड पर कोतवाली देहात के पास दो युवकों ने उसे रोक लिया।

पुलिस के अनुसार दोनों युवक प्रिंस को बातचीत करने के बहाने पास स्थित एक ओयो होटल में ले गए। वहां पहले से चार अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने प्रिंस पर फायरिंग कर दी। गोली उसके कूल्हे में लगी और वहीं फंस गई। घायल प्रिंस को उपचार के लिए कल्याण सिंह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत की निगरानी की जा रही है।

एसपी सिटी के अनुसार पुलिस ने वारदात में शामिल सभी छह आरोपियों की पहचान कर उनके नाम-पते जुटा लिए हैं। आरोपियों में मुकुल जूडो निवासी गंगानगर, राम, लकी, विशाल और निक्कू निवासी बेचा मोहल्ला सत बुलंदशहर तथा प्रशांत चौधरी निवासी गुलावठी रोड, बुलंदशहर शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और सभी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस वारदात के कारणों और आरोपियों के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित