बुलंदशहर, मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान रोड़ी से लदा एक ट्रक पलट गया और दो श्रमिकों की दबकर मौत हो ग.यी, जबकि दो अन्य घायल हो गये।

क्षेत्राधिकार खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य चल रहा था, तभी ट्रक की कमानी टूटने से संतुलन बिगड़ गया और रोड़ी से भरा ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय कुछ मजदूर सड़क किनारे सो रहे थे, जो ट्रक के नीचे दब गए।

इस दुर्घटना में रोड़ी के नीचे दबने से दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान राकेश (30) एवं पवन (35) निवासी डिबाई, बुलंदशहर के रूप में हुई है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। क्षेत्राधिकारी खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित