बुलंदशहर , जून 1 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के सिकन्द्राबाद कोतवाली क्षेत्र में एक युवक का गोली लगा शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि रविवार देर रात को डायल-112 के माध्यम से ग्राम मुरादाबाद के जंगल में एक शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां एक युवक का शव मिला, जिसके सिर में गोली लगी हुई थी। मृतक की पहचान ग्राम मुरादाबाद निवासी रविंद्र के 22पुत्र गजेंद्र के रूप में की गई है। पुलिस ने मृतक के पास से एक मोबाइल फोन, एक तमंचा तथा कारतूस बरामद किया है।

क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राबाद भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित