बुलंदशहर , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार दिनदहाड़े नकाबपोश बदमाशों ने एक पशु व्यापारी से तमंचे के बल पर लूटपाट की और विरोध करने पर चाकू से हमला कर व्यापारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि व्यापारी स्याना क्षेत्र से साप्ताहिक पशु पैठ से अपने गांव राजगढ़ी लौट रहा था। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। बताया गया कि दोपहर करीब एक बजे बुलेट बाइक पर सवार बदमाशों ने औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव भंडोरिया के निकट व्यापारी को रोक लिया और उससे करीब 93 हजार रुपये लूट लिए।

व्यापारी द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया और तमंचे के बल पर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से एक बदमाश का मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित