बुलंदशहर , अप्रैल 03 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित गाँव तिल मढ़पा में पत्नी के मायके चले जाने से आहत एक युवक ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉक्टर तेज वीर सिंह ने बताया कि सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम तिल मढ़पा मे विशाल नामक युवक की पत्नी परसों किसी बात को लेकर नाराज़ होकर अपने मायके चली गई थी। बताया जाता है कि इसी बात से आहत होकर युवक ने यह कदम उठाया। आज सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ। दरवाजा खुलवाने पर विशाल का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित