बुलंदशहर , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के थाना अगौता पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब तीन लाख रुपये मूल्य की चोरी की गई ब्लड टेस्ट मशीन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक सब्बल बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक नगर शंकर प्रसाद ने शनिवार को बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूचना मिली थी कि चोरी का सामान लेकर दो शातिर चोर क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ललित कुमार निवासी ग्राम इलना, थाना औरंगाबाद तथा मनीष कुमार निवासी ग्राम पूठी, थाना औरंगाबाद, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने 26 मार्च को थाना अगौता क्षेत्र के शाहनगर स्थित एक पैथोलॉजी लैब से ब्लड टेस्ट मशीन चोरी करने की बात स्वीकार की है। बरामद मशीन की कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई गई है। इस संबंध में थाना अगौता में मुकदमा अपराध संख्या 53/26 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित