बुलंदशहर , मई 30 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि अलीगढ़ निवासी पीड़िता के भाई सोहिल ने आज प्रातः खुर्जा पुलिस को दी गई दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी बहन सानिया का विवाह तीन वर्ष पूर्व खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के आबदा नगर निवासी आमिर पत्र गुल मौहम्मद के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही आरोपी एवं उसका परिवार अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित करता था। तहरीर के अनुसार, शुक्रवार सुबह आरोपी ने कथित रूप से रायफल की बट से सानिया पर हमला कर दिया, जिससे उसके जबड़े में गंभीर चोटें आईं और कई दांत टूट गए। पीड़िता के सिर में भी चोट लगने की बात कही गई है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी कथित रूप से अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित