बुलंदशहर , अप्रैल 03 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक कार शोरूम के कर्मचारी पर ग्राहकों से लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगा है।
कार शोरूम कंपनी के निदेशक की शिकायत पर कोतवाली देहात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूड़ चौराहे स्थित कार शोरूम के अधिकृत प्रतिनिधि विनीत चड्ढा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि दीपेन्द्र सिंह नामक कर्मचारी अगस्त 2025 से सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। दीपेन्द्र 10 फरवरी 2026 से बिना सूचना के अनुपस्थित है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। मामले का खुलासा तब हुआ जब 12 फरवरी 2026 को एक ग्राहक शोरूम पहुंचा। ग्राहक ने बताया कि उसने वाहन खरीदने के लिए आरोपी दीपेन्द्र सिंह के व्यक्तिगत बैंक खाते में 3,39,998 रुपये हस्तांतरित किये थे।
इस शिकायत के बाद शोरूम ने आंतरिक जांच की। जांच में सामने आया कि दीपेन्द्र ने अन्य कई ग्राहकों से भी अपने निजी खाते में पैसे मंगवाए थे। कुल मिलाकर, आरोपी ने अलग-अलग ग्राहकों से लगभग 8,12,998 रुपये की धनराशि अपने व्यक्तिगत खाते में प्राप्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित