बुलंदशहर , मई 28 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि 27 और 28 मई की रात थाना स्याना क्षेत्र के गांव बड़ा बाजीदपुर निवासी शिवम, आर्यन, दीपक और विशाल अपने मित्रों के साथ कार से मथुरा और खाटू श्याम दर्शन के लिए निकले थे।
उन्होंने बताया कि गुलावठी क्षेत्र के छपरावत के पास पहुंचने पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए पेड़ से टकरा गई। हादसे में शिवम और आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दीपक ने मेरठ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में बीबीनगर निवासी विशाल मामूली रूप से घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुलावठी पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए हैं।
एक अन्य हादसे में कोतवाली देहात क्षेत्र के कुड़वाल-बनारस मार्ग पर एक स्कॉर्पियो वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित