बुलंदशहर , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अगौता थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव निवासी एक युवक का कार सवार आरोपियों द्वारा अपहरण कर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने युवक की एक आंख फोड़ दी और उसका सिर फोड़ने के साथ पैर भी तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार अजय और परिजनों से रविवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, सागर राठी चौदहा अक्टूबर की देर शाम बुलंदशहर से मोबाइल ठीक कराकर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान मालागढ़ के पास कार सवार गांव के ही आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। आरोप है कि उसे कोतवाली देहात क्षेत्र के ताजपुर अंडरपास पर ले जाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। इसके बाद आरोपी उसे आसिफाबाद-चंदपुरा के जंगल में छोड़कर फरार हो गए।

राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को गुलावठी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे जिला अस्पताल और फिर मेरठ मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पीड़ित के पिता विजेंद्र सिंह ने गांव के ही आकाश उर्फ अक्कू, गौरव और विपिन पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पीड़ित के भाई अनुज राठी का आरोप है कि कोतवाली देहात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिजनों ने आरोपियों पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

इस संबंध में एसपी सिटी अभिषेक कुमार अजय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित