चंदौली, अक्टूबर 04 -- उत्तर प्रदेश में चंदोली के सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी का बड़ा खुलासा करते हुए एक ट्रक से 1,185 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही 10,451.52 लीटर शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है। स्वाट, सर्विलांस और सैयदराजा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, शराब हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी।

पुलिस ने 4 अक्टूबर को सैयदराजा थाना क्षेत्र में एनएच -19 हाईवे पर काले शाह बाबा की मजार के पास उत्तरी लेन से संदिग्ध ट्रक को चेकिंग के दौरान पकड़ा। पुलिस को देखकर चालक ट्रक से उतरकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार (23) निवासी टाकुबेरी, थाना सिंधारी, जनपद बाड़मेर, राजस्थान के रूप में हुई। तलाशी के दौरान ट्रक में लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे अलग-अलग ब्रांड की 1,185 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह करीब एक लाख रुपये के लालच में पानीपत, हरियाणा के पास एक अज्ञात व्यक्ति से शराब लदा ट्रक लेकर बिहार जा रहा था। पुलिस से बचने के लिए शराब के ऊपर लकड़ी के बुरादे की बोरियां रखी गई थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित