बुरहानपुर , अक्टूबर 16 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में कृषि उपज मंडी के उड़नदस्ते ने शुक्रवार को महाराष्ट्र जा रहे मक्का से भरे दो ट्रकों को जांच के दौरान जब्त किया। दोनों ट्रकों में कुल 600 क्विंटल मक्का भरा था। वाहन चालकों के पास परिवहन अनुज्ञा शुल्क और मंडी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले।

कृषि उपज मंडी उड़नदस्ता प्रभारी श्रीकांत गंगराडे ने बताया कि दोनों ट्रकों में हरदा मंडी से लाया गया 300-300 क्विंटल मक्का भरा था। आवश्यक शुल्क और दस्तावेज नहीं मिलने पर प्रत्येक ट्रक पर 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि जुर्माने की राशि जमा होने के बाद दोनों ट्रकों को छोड़ दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित