लखनऊ , अप्रैल 11 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को लखनऊ में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए कहा कि बुनियादी ढांचे का विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि शहरों का विकास केवल सड़कों और इमारतों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि माताओं, बहनों, बुजुर्गों और युवाओं के जीवन को बेहतर बनाने वाला होना चाहिए। स्थानीय सांसद ने गोमतीनगर स्थित विवेक खंड-2 में निर्मित 'लक्ष्मण मंडपम', वरिष्ठ नागरिक डे-केयर सेंटर, ई-लाइब्रेरी, सांस्कृतिक एवं कला संग्रहालय सहित कई जनोपयोगी परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में बीते वर्षों में व्यापक आधारभूत ढांचा विकसित किया गया है। शहर में 25 फ्लाईओवर बन चुके हैं, आउटर रिंग रोड से जुड़े नए मार्गों का निर्माण हो रहा है और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे भी जल्द शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इससे राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब तेजी से प्रगति करने वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रक्षा गलियारा, औद्योगिक निवेश और आधुनिक परिवहन नेटवर्क नई आर्थिक ऊर्जा दे रहे हैं। ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण और अन्य रक्षा इकाइयों की स्थापना से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित