नयी दिल्ली , अगस्त 11 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी से बुधवार को हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर देशव्यापी पौधारोपण अभियान में शामिल होने की अपील की है।
श्री चौहान की ओर से मंगलवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि वह नयी दिल्ली में स्वयं "वृक्ष मित्र परिवार" और नागरिकों के साथ मिलकर पौधा लगायेंगे और लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर 'एक पेड़ माँ के नाम' के संकल्प को अपनाते हुए 50,000 से अधिक पौधे लगाने को प्रेरित करेंगे।
श्री चौहान राजधानी के पीबीजी ग्राउंड (तालकटोरा स्टेडियम के पास) पर प्रातः 9:30 बजे पौधरोपण करेंगे, जबकि देशभर में वृक्ष मित्र परिवार के हजारों सदस्य अपने-अपने गांव, शहर और पंचायतों में पौधरोपण कर इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। इस अवसर पर देशव्यापी रूप से 50,000 से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। श्री चौहान ने कहा कि हरियाली अमावस्या प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का पर्व है और इस अवसर का वैज्ञानिक और सामाजिक महत्व है।
मंत्रालय के विभागों- कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग ,भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद , कृषि विज्ञान केंद्र , तथा सभी कृषि विश्वविद्यालय के साथी अपने परिसरों व आसपास व्यापक रूप से पौधरोपण करेंगे। कार्यक्रम में देशभर से नागरिक, किसान, युवा, स्वयंसेवी संस्थाएँ और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे और केंद्रीय मंत्री श्री चौहान प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।
श्री चौहान ने इस अभियान में भागीदारी और पारदर्शिता के लिए पौधरोपण की जानकारी एवं फोटोग्राफ्स वेबसाइट शिवराजचौहान.कॉम पर अपलोड करने का अनुरोध किया है।
उल्लेखनीय है कि केंद्र और दिल्ली सरकार ने मिल कर दिल्ली रिज क्षेत्र को वनाच्छादित करने का एक बड़ा अभियान घोषित किया है। दिल्ली रिज क्षेत्र को पुनर्जीवित और हरा-भरा बनाने के लिए अगले चार वर्षों में एक करोड़ से अधिक देशी (पारंपरिक) पौधे लगाने का लक्ष्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित