कुशीनगर , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर कुशीनगर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान तथागत बुद्ध का शांति, करुणा और अहिंसा का संदेश आज के वैश्विक परिप्रेक्ष्य में अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब विश्व अशांति और संघर्षों से जूझ रहा है, तब बुद्ध के मार्ग पर चलकर ही स्थायी शांति स्थापित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि भारत ने विश्व को युद्ध नहीं, बल्कि बुद्ध का संदेश दिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान बुद्ध के विचारों को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। श्री मौर्य ने अपने रूस प्रवास का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री के निर्देश पर वे भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष लेकर काल्मिकिया गणराज्य गए थे, जहां उन्हें अत्यंत श्रद्धा और सम्मान मिला। यह भारत की आध्यात्मिक विरासत और बुद्ध के प्रति विश्वव्यापी आस्था का प्रतीक है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर, सारनाथ, श्रावस्ती, संकिसा और कौशांबी जैसे बौद्ध स्थलों का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तेजी से हुआ है। उन्होंने कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को और अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार के प्रयासों की भी जानकारी दी, ताकि विदेशों से आने वाले बौद्ध श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भगवान बुद्ध का संदेश आज भी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि कोई भी संघर्ष युद्ध से नहीं, बल्कि बुद्ध के विचारों से जीता जा सकता है। प्रदेश सरकार बुद्ध विहारों, स्मारकों तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर से जुड़े स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित