चंडीगढ़ , सितंबर 19 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने शनिवार को कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बुढ़ापा पेंशन योजना के तहत अब तक करीब 2,147 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं और राज्य के 24 लाख से अधिक बुजुर्गों को इसका लाभ मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में बुढ़ापा पेंशन योजना के लिए 4,000 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को पेंशन आवेदनों के सत्यापन और मंजूरी की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पात्र लाभार्थियों को निर्धारित समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डॉ. कौर ने कहा कि कोई भी योग्य बुजुर्ग पेंशन के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बुजुर्गों और उनके परिजनों से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर योजना का लाभ लेने तथा पंचायतों, शहरी स्थानीय निकायों और सामाजिक संगठनों से पात्र लाभार्थियों की पहचान और जागरूकता में सहयोग करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित