जौनपुर , अगस्त 18 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बुढ़वा मंगलवार के पावन अवसर पर श्री मां शारदा शक्तिपीठ मैहर मंदिर सहित विभिन्न हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
मैहर मंदिर परिसर में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने "जय श्री राम" के जयघोष के साथ हनुमान जी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना में भाग लिया। इस अवसर पर हनुमान जी का भव्य श्रृंगार किया गया। उन्हें सिंदूर, चमेली का तेल, जनेऊ, लाल वस्त्र, तुलसी की माला और पुष्प अर्पित किए गए। मंदिर में विशेष पूजन, आरती, हवन तथा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। स्थानीय महिलाओं ने सुंदरकांड और मंगल पाठ का श्रद्धापूर्वक पाठ किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं ने माता शारदा और भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा पारिवारिक शांति की कामना की। मंदिर ट्रस्ट की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। जिले के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी बुढ़वा मंगलवार के अवसर पर विशेष आयोजन हुए। बीआरपी स्थित हनुमान मंदिर, कोतवाली क्षेत्र के हनुमान मंदिर, बड़े हनुमान मंदिर तथा आजोसी धाम स्थित हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। कई स्थानों पर मेले का भी आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
दिनभर मंदिरों में दर्शन-पूजन और भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा तथा पूरे जिले में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित