ग्वालियर , फरवरी 20 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले से दिल और दिमाग को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है।
यहां कोतवाली थाना क्षेत्र के दही मंडी स्थित मदनमोहन मार्केट निवासी 70 साल की एक महिला की लगभग तीन से चार दिन पहले बीमारी के कारण मौत हो गई। हादसे का दर्दनाक पहलू ये है कि महिला के दो बच्चे हैं, लेकिन दोनों ही मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। ऐसे में मां की मौत होने के बाद भी बच्चों को ये अहसास ही नहीं हुआ कि उनकी मां दुनिया छोड़ कर जा चुकी है। महिला के बेटा और बेटी मां के शव के साथ ये सोच कर रहते रहे कि उनकी मां सो रही है। घर से जब तेज दुर्गंध आने लगी तो पड़ोस में रहने वालों ने इसकी सूचना कोतवाली थाने में दी। मौके पर पहुुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और जांच शुरु की।
कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया कि 70 वर्षीय उर्मिला भदौरिया की बीमारी से मौत हो गई। उर्मिला गोरखी स्कूल में क्लर्क के पद से 10 वर्ष पहले रिटायर्ड हुई थीं। उनके दो बच्चे एक बेटा (42) तथा एक बेटी (37) है, लेकिन दोनों ही मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। उर्मिला भदौरिया की मौत हो गई, लेकिन दोनों बच्चे यही समझते रहे कि मां सो रही है। जब चार पांच दिन बीत गये तो आज सुबह दूध देने आये दूध वाले को तेज दुर्गंध आई। उसने इसकी जानकारी महिला के रिश्तेदारों और पड़ोसियों को दी। मामले का पता चलता ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिये भिजवाया।
महिला के पति सुरेन्द्र सिंह भदौरिया की 15 वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। उर्मिला भदौरिया पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं और शव की हालत देखने से पता चलता है कि मौत 2 से 3 दिन पहले हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित