सूरजपुर , सितंबर 30 -- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में निर्माणाधीन मकान की पहरेदारी करने वाले बुजुर्ग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए किशोरी को अभिरक्षा में लिया है।

पुलिस के अनुसार किशोरी ने बुजुर्ग पर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है और इसी घटना के बाद उसने कथित रूप से बुजुर्ग पर हमला किया था।

पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के महुआपारा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में केतका निवासी सीताराम गोंड (65) रहकर पहरेदारी का काम करते थे। गत 28 सितंबर को उनकी हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर 17 वर्षीय किशोरी की संलिप्तता पाई गई। पुलिस के मुताबिक किशोरी ने आरोप लगाया कि घटना के दिन बुजुर्ग ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। इससे क्षुब्ध होकर उसने कथित रूप से ब्लेड से बुजुर्ग के गले पर और सब्बल से सिर पर वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित