सीहोर , मई 12 -- मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के बिलकिसगंज थाना क्षेत्र में आज एक बुजुर्ग किसान का दिनदहाड़े अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। नकाबपोश बदमाश किसान को जबरन कार में बैठाकर भोपाल की ओर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम ढाबला केलवाड़ी निवासी बुजुर्ग किसान प्रेमसिंह मेवाड़ा आज सुबह करीब 10 बजे मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। बड़ी मेवाड़ा के घर के पास अचानक एक तेज रफ्तार सफेद कार उनके पास आकर रुकी और उसमें सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें जबरन वाहन में खींच लिया।
बताया गया है कि अपहरण के दौरान प्रेमसिंह ने अपने बेटे जगदीश मेवाड़ा को फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ लोग उन्हें जबरन कार में बैठाकर भोपाल की ओर ले जा रहे हैं। इसके बाद फोन कट गया और मोबाइल बंद हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। राजपूत ढाबे के पास काम कर रहे मजदूर राजेश बारेला और उनकी पत्नी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बदमाशों को बुजुर्ग को कार में बैठाकर ले जाते देखा था। शोर मचाने के बावजूद आरोपी तेज गति से वाहन लेकर फरार हो गए।
परिजनों ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन विवाद की आशंका जताई है। पुलिस को कुछ संदिग्ध लोगों के नाम भी बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि जमीन के सौदे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
वारदात की सूचना मिलते ही बिलकिसगंज पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है। पुलिस की टीमें भोपाल-सीहोर हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। थाना प्रभारी संदीप मीणा ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित