पटना , मई 08 -- बिहार सरकार में नव नियुक्त खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि विभाग का प्रयास होगा कि राशन कार्ड के बुजुर्ग लाभार्थियों को आगामी दिनों में घर तक राशन पहुंचाया जाए।
मंत्री अशोक चौधरी ने ने आज विभाग का पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग राज्य के करोड़ों लोगों के जीवन से सीधे जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण विभाग है। उन्होंने बताया कि राज्य में राशन कार्ड धारकों की संख्या आठ करोड़ से अधिक है।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य एवं जरूरतमंद परिवार राशन से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि विशेषकर बुजुर्ग लाभार्थियों को सुविधा देने के लिए घर-घर राशन पहुंचाने की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग उपभोक्ताओं के हित में पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ लगातार कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के विशेष सचिव विभूति रंजन चौधरी, बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के प्रबन्ध निदेशक सुनील कुमार, संयुक्त सचिव रवीन्द्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी सृष्टि प्रिया सहित अन्य विभागीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने मंत्री श्री चौधरी को विभाग के कार्यकलापों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित