जालौन , जून 14 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह जालौन कोतवाली क्षेत्र में मजदूरों और उनके परिवारों से भरे एक वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से बारह से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हो गया।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि अनुसार अलीगढ़ से महोबा जा रहे वाहन में ईंट भट्टों पर कार्य करने वाले श्रमिक और उनके परिजन सवार थे। सभी लोग काम समाप्त कर अपने गृह जनपद लौट रहे थे। ग्राम छिरिया सलेमपुर के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 208 पर पहले से ट्रक और डंपर की टक्कर के कारण यातायात प्रभावित था। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने एक लेन बंद कर वाहनों को दूसरी लेन से निकालना शुरू कर दिया था।

इसी दौरान किलोमीटर संख्या 208.5 के पास पहुंचा तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित हो गया और चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन आगे चल रहे वाहन से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में कई लोग घायल हो गए तथा कुछ यात्री वाहन में फंस गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन भेजा गया। घायलों में राजाराम, (40) ज्ञानवती (38) मायारानी (35) देवेंद्र (30) परदेशी, (45) प्रेमशंकर (50) पप्पू, (40) मलखान (60) धर्मवीर, अमर सिंह, रामगोपाल, किरन और सुरेश शामिल हैं।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त डीसीएम को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित