औरैया , सितंबर 19 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में एक डंपर के कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा अछल्दा थाना क्षेत्र के अंतर्गत इटैली चौकी के पास नगला धुंधे गांव के सामने किलोमीटर संख्या 277.1 पर रात करीब एक बजे हुआ। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार सुबह यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे के किनारे खड़े एक डम्पर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार दूसरे डम्पर ने जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि पीछे वाले डम्पर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गया, जिससे उसमें सवार चालक और कंडक्टर अंदर ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, यूपीडा सुरक्षा टीम, अछल्दा थाना पुलिस और कुदरकोट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। यूपीडा के सीएसओ विजय सिंह, थाना प्रभारी सुरेश चंद्र सिंह और चौकी प्रभारी विपिन पाल ने जेसीबी की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया तथा कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला।

हादसे में ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के नगला वाले गांव निवासी चालक अनुज यादव (35) पुत्र रामनिवास और कंडक्टर मोनू यादव (30) पुत्र जयभान गंभीर रूप से प्रभावित हुए। चिकित्सक द्वारा कंडक्टर मोनू यादव को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल चालक अनुज को प्राथमिक उपचार के लिए एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना भेजा गया है। दुर्घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे कराकर सुचारू रूप से चालू कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित