जालौन , जून 14 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में रविवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में ट्रक क्लीनर की मौत हो गई।
यह दुर्घटना जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिरिया सलेमपुर के पास किलोमीटर संख्या-208 पर हुई, जहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कोतवाली जालौन प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हादसे में ट्रक में सवार क्लीनर छोटू उर्फ अरुण कुमार (22) पुत्र जसवंत निवासी ग्राम भोजला, जनपद झांसी गंभीर रूप से घायल होकर केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस एवं राहत टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।
दुर्घटना के कारण बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। यूपीडा और पुलिस की टीम ने क्रेन की सहायता से वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित