सहारनपुर , अक्टूबर 26 -- सहारनपुर जिले के बेहट कोतवाली क्षेत्र में बीस साल पहले खरीदी गई खेती की भूमि को फर्जी बैनामो के जरिए हड़पने का मामला सामने आया है। 14 लोगों के खिलाफ बेहट कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक देहरादून के गंगोत्री विहार निवासी पवित्र गिरेवाल ने आज बताया कि उन्होंने 2006 में बेहट क्षेत्र पेलो खुर्द गांव में खसरा नंबर 214एमई 0.184 हेक्टेयर खेती की जमीन खरीदी थी। गांव खुशालीपुर निवासी आनंद और जसवंत से बेनामा करवाया था। बाद में पता चला कि आंनद और जसवंत ने उसी जमीन का बेनामा शोएब के नाम कर दिया और शोएब से सुशील सिंघल और सुशील सिंघल से पीसी वर्मा ने बेनामा करा लिया।
राजस्व विभाग की जांच में फर्जीवाड़े की यह जानकारी सामने आई। पवित्र गिरेवाल ने कोर्ट के आदेश पर 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपित लोगों में आनंद, जसवंत, शोएब, सुशील सिंघल, पीसी वर्मा, भरत सब्बरवाल, रमा सब्बरवाल, कय्यूम, नरेश, जसवीर खन्ना, कृपाल सिंह, मोहम्मद तैय्यब, रवि कुमार और नीरज ढींगरा को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित