अलवर , मार्च 19 -- राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने गुरुवार को अलवर नगर निगम में परिसर में 20 सरस डेयरी बूथोंके आवंटन पत्र वितरित किये और तांगा स्टैण्ड एवं राजकीय महिला चिकित्सालय परिसर में पिंक टॉयलेट का लोकार्पण करके शहर की महिलाओं को सौगात दी।

इस अवसर पर श्री शर्मा ने नव संवत्सर एवं चैत्र नवरात्र स्थापना की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और अलवर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व में अलवर हर क्षेत्र में नये आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नये रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में की गयी बजट घोषणा को समयबद्ध रूप से अमलीजामा पहनाकर अलवर शहर में 20 सरस डेयरी बूथ का आवंटन आमजनकी उपस्थिति में लॉटरी के माध्यम से पारदर्शिता के साथ किया है।

श्री शर्मा ने कहा कि सरकार पशुपालकों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए अनुदान प्रदान करने के साथ कई योजनाओं से लाभांवित कर रही है। उन्होंने कहा कि अलवर जिले में सांसद भूपेन्द्र यादव की सोच को मूर्त रूप देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा अलवर सरस डेयरी के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि से पांच लाख लीटर क्षमता का नया संयंत्र लगाने की बजट घोषणा की है, जिसका यथाशीघ्र शिलान्यास होगा।

उन्होंने कहा कि अलवर सरस डेयरी नितिन सांगवान के नेतृत्व में नयी ऊंचाइयों की ओर जा रही है, जिसके तहत कलाकंद की बिक्री को आठ गुना किये जाने के साथ ही पशुपालकों के लिए नयी योजनायें लाने जैसे कई कार्य हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित