पौड़ी , जुलाई, 07 -- उत्तराखंड में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत मंगलवार को बीरोंखाल पहुंचे प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने क्षेत्र को 4.48 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही जनसमस्याएं सुनकर अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में कई ऐतिहासिक और जनहितकारी फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। इसके अलावा नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा 'लखपति दीदी' जैसी योजनाएं सरकार की प्रमुख उपलब्धियां हैं।

मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 4.04 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले खलधार-ठंगा मोटर मार्ग का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इसके अलावा 44 लाख रुपये की लागत से डुलमोट, चंदेली, कदोला, तैलीपखोली और जाखणी ग्राम सभाओं में पंचायत भवनों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

विकासखंड मुख्यालय में आयोजित जनसमस्या समाधान कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित