रायपुर , सितंबर 23 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को रायपुर जिले के नगर निगम बीरगांव में 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया तथा क्षेत्र के लिए करीब 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा की।
श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और शहरों में आधुनिक अधोसंरचना के साथ नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीरगांव तेजी से विकसित हो रहा शहरी क्षेत्र है और औद्योगिक गतिविधियों तथा बढ़ती आबादी को देखते हुए यहां सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज और खेल सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण के लिए 82 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा ओवरहेड टैंक एवं पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये, सड़क एवं नाली निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये तथा सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई।
उन्होंने विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए बीरगांव में आधुनिक नालंदा परिसर के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ व्यास तालाब तिराहा से बीरगांव नाला तक स्ट्रीट लाइट के लिए एक करोड़ रुपये, बुधवारी बाजार से नगर निगम कार्यालय तक स्ट्रीट लाइट के लिए 50 लाख रुपये, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावांभाठा में विद्युतीकरण एवं मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये, सर्व मांगलिक भवन के लिए एक करोड़ रुपये और शासकीय महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी के लिए 89 लाख रुपये देने की घोषणा की।
श्री साय ने बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय और छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का जोन कार्यालय प्रारंभ करने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि बीरगांव को स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल किया गया है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को शामिल करते हुए विकसित किए जा रहे स्टेट कैपिटल रीजन के तहत बीरगांव के सुनियोजित एवं दीर्घकालीन विकास के लिए भी रोडमैप तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वेक्षण के बाद पात्र लोगों को नियमानुसार आवासीय पट्टे वितरित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए कार्यों में नगर निगम से संबंधित 94 करोड़ रुपये से अधिक और लोक निर्माण विभाग के 38 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य शामिल हैं। नगरोत्थान योजना के तहत करीब 16 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी जा चुकी है।
श्री साय ने कहा, "विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अब कोई बाधा नहीं है और प्रदेश में विकास की गति और तेज होगी।" उन्होंने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद राज्य के विकास में बड़ी बाधा रहा, लेकिन सुरक्षा बलों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता के बाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास के नए अवसर पैदा हुए हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बीरगांव के लिए 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात से शहर में अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव में स्वीकृत 160 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों में करीब 90 करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री गृह निर्माण सम्मान योजना और नोनी सुरक्षा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक प्रदान किए। सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित