बहराइच , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बीमा क्लेम की रकम को लेकर रिश्तों के टूटने और लालच के खौफनाक अंजाम का मामला सामने आया है। जिले के मुर्तिहा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव में एक देवर ने अपनी ही विधवा भाभी की बेरहमी से कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। आरोपी ने पहले महिला के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और फिर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 32 वर्षीय आरती देवी के रूप में हुई है। उनके पति की करीब एक वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। हाल ही में आरती देवी को दुर्घटना बीमा और सड़क हादसे के क्लेम के रूप में करीब पांच लाख रुपये की धनराशि मिली थी। आरोप है कि इसी रकम में हिस्सेदारी को लेकर उनका देवर दिनेश लगातार दबाव बना रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, आरती देवी अकेले रहती थीं और उनकी कोई संतान नहीं थी। पति की मौत के बाद वह आर्थिक और मानसिक रूप से पहले ही टूट चुकी थीं। इसी बीच देवर दिनेश बार-बार उनसे पैसे मांगने लगा। कई बार परिवार के भीतर विवाद भी हुआ, लेकिन आरती देवी ने पैसे देने से इनकार कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित