गाजियाबाद , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद की अपराध शाखा पुलिस ने विभिन्न बीमा पॉलिसी कंपनियों के फर्जी ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर बीमा पॉलिसी धारकों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमित सक्सेना ने बताया कि गाजियाबाद अपराध शाखा पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें इनके द्वारा 19 लाख रुपए की ठगी का खुलासा हुआ है,जो विभिन्न बीमा पॉलिसी कंपनियों के फर्जी ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर लोगों से संपर्क करता था। गिरोह के सदस्य बीमा पॉलिसी धारकों को उनकी पॉलिसी रिन्यू कराने, रिफंड दिलाने अथवा बीमा संबंधी अन्य समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा देते थे।
आरोपितों द्वारा बीमा धारकों को झूठे लाभ का लालच देकर विश्वास में लिया जाता था। इसके बाद धोखाधड़ी के जरिए उनसे धनराशि हड़पने का काम किया जाता था। इस प्रकार गिरोह बीमा पॉलिसी धारकों को अपना निशाना बनाकर साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपितों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित