चंडीगढ़ , अक्टूबर 30 -- भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने अपने कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं और अतिरिक्त बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

चंडीगढ़ स्थित बीबीएमबी बोर्ड सचिवालय में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में बोर्ड के अध्यक्ष इंजीनियर मनोज त्रिपाठीतथा बैंक और बीबीएमबी के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत एसबीआई में वेतन खाते रखने वाले बीबीएमबी कर्मचारियों को उन्नत 'केंद्रीय सरकारी वेतन पैकेज' (सीजीएसपी) की सुविधाएं मिलेंगी।बीबीएमबी के 80 प्रतिशत से अधिक कर्मचारी पहले से ही एसबीआई में वेतन खाते रखते हैं। समझौते के तहत इन मौजूदा खातों को नए सीजीएसपी ढांचे से स्वतः जोड़ा जाएगा, ताकि कर्मचारियों को बढ़ी हुई सुविधाओं का लाभ मिल सके। पैकेज के तहत कर्मचारियों को दुर्घटना में मृत्यु या स्थायी पूर्ण दिव्यांगता की स्थिति में एक करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर नि:शुल्क मिलेगा। स्थायी आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में 80 लाख रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त 10 लाख रुपये का समूह सावधि जीवन बीमा भी पैकेज में शामिल किया गया है।

बीबीएमबी के अनुसार, इस समझौते का उद्देश्य कर्मचारियों और उनके आश्रितों को गंभीर दुर्घटना या मृत्यु जैसी दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है। बोर्ड ने इसे कर्मचारियों के कल्याण और वित्तीय सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित