कोरबा , जुलाई 24 -- भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने गैस पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले राघवेंद्र घोषी (24) की पत्नी को आज सवा दो लाख रुपये की सहायता राशि सौंपी।

कुछ दिन पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बीपीसीएल की गैस पाइपलाइन विस्तार परियोजना के तहत कार्य चल रहा था। इसी दौरान कार्यस्थल पर संचालित एक जेसीबी मशीन की टक्कर से स्कूटी सवार राघवेंद्र घोषी की मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया था।

हादसे के विरोध में मृतक के परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में सिटी कोतवाली के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।

प्रदर्शन के बाद प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और बीपीसीएल अधिकारियों के बीच कई दौर की चर्चा हुई। इसके उपरांत कंपनी ने मृतक की पत्नी को सवा दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया। सहायता राशि मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने जनप्रतिनिधियों, प्रशासन तथा सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित