पटना , मई 23 -- बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी)की 72वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने हज भवन में मुफ्त आवासीय कोचिंग की सुविधा शुरू की है, जहां चयनित छात्रों को निशुल्क कोचिंग और रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इच्छुक अल्पसंख्यक अभ्यर्थी इस कोचिंग में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी बिहार हज समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर भी जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन 25 मई से 04 जून शाम 6 बजे तक लिया जाएगा। अभ्यर्थी 05 और 06 जून को प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
प्रवेश परीक्षा सात जून को आयोजित की जाएगी। वहीं परीक्षा का परिणाम 10 जून को घोषित किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन 13 जून को होगा और कक्षाएं 15 जून से शुरू होंगी।
यह कोचिंग बिहार सरकार की राज्य कोचिंग योजना के अंतर्गत अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से संचालित की जा रही है।
योजना का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय (मुस्लिम, ईसाई, सिख, बौद्ध, जैन) के मेधावी छात्र-छात्राओं को बीपीएससी, यूपीएससी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क तैयारी कराना है। हज भवन कोचिंग एंड गाइडेंस सेल में आवासीय सुविधा, गुणवत्तापूर्ण अध्यापन, अध्ययन सामग्री और विशेष मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
हज भवन के अधिकारी ने बताया कि इस योजना के तहत अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं को शिक्षा के मुख्यधारा से जोड़कर प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर अवसर प्रदान करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित