भोपाल , अगस्त 27 -- पश्चिम मध्य रेलवे के बीना स्टेशन यार्ड में आगासौद-बीना के बीच तीसरी रेल लाइन को बीना स्टेशन से जोड़ने के लिए किए जा रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते कुछ ट्रेनों के परिवर्तित मार्ग में आंशिक संशोधन किया गया है। संशोधित व्यवस्था के तहत गोरखपुर-ओखा-गोरखपुर और सूरत-मुजफ्फरपुर-मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस का संचालन ग्वालियर-शिवपुरी-गुना मार्ग से किया जाएगा।
रेल प्रशासन के अनुसार बीना स्टेशन यार्ड में प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग सहित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारु परिचालन को ध्यान में रखते हुए पूर्व में जारी अधिसूचना में यह आंशिक संशोधन किया गया है।
गाड़ी संख्या 15045 गोरखपुर-ओखा एक्सप्रेस 24 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक चार फेरों में ग्वालियर-शिवपुरी-गुना परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 15046 ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस 20 सितंबर से 11 अक्टूबर तक चार फेरों में गुना-शिवपुरी-ग्वालियर मार्ग से चलेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 19053 सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस 18 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक चार फेरों में ग्वालियर-शिवपुरी-गुना परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। गाड़ी संख्या 19054 मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस 20 सितंबर से 11 अक्टूबर 2026 तक चार फेरों में ग्वालियर-शिवपुरी-गुना मार्ग से संचालित की जाएगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि बीना स्टेशन यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के दौरान यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति, परिवर्तित मार्ग और ठहराव की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। संशोधित व्यवस्था निर्धारित कार्य अवधि में प्रभावी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित