अयोध्या , जून 12 -- उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश की तस्वीर और तकदीर बदली है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास के बल पर एनडीए आज 22 राज्यों में सेवा कर रहा है और सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं का कल्याण है। श्री शाही ने शुक्रवार को यहां एक प्रेसवार्ता में कहा कि जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 60 करोड़ से अधिक हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना से 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन, जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक घरों को नल से जल तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये सीधे खातों में हस्तांतरित किए गए हैं।

श्री शाही ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश के बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व विकास हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार 91 हजार किलोमीटर से बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो गया है, जबकि रेलवे विद्युतीकरण लगभग 99.6 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि देश में 164 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं और हवाई अड्डों की संख्या बढ़कर 164 से अधिक हो गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं राष्ट्रीय गौरव को बढ़ाने की दिशा में भी अनेक कार्य किए हैं। कर्तव्य पथ, पंचतीर्थ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नए संसद भवन और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसे कार्य नए भारत की पहचान बने हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में उभरा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान और बढ़ते विदेशी निवेश इसके प्रमाण हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित