भदोही , सितंबर 30 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के औराई विकासखंड के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पर सुविधा शुल्क मांगने, अनुचित दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप लगाने वाले ग्राम पंचायत अधिकारी रविन्द्रनाथ गौड़ को निलंबित कर दिया गया है।
आधिकारिक कार्रवाई के अनुसार, ग्राम पंचायत अधिकारी पर आचरण नियमावली के विपरीत कार्य करने का आरोप है। गौड़ ने आईजीआरएस के माध्यम से जिलाधिकारी से शिकायत कर बीडीओ पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि 25 सितंबर को हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके मोबाइल में सुरक्षित है।
शिकायत में ग्राम पंचायत अधिकारी ने आरोप लगाया था कि उच्च अधिकारियों से शिकायत करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और सेवा समाप्त कराने की धमकी दी गई।
हालांकि, खंड विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। बीडीओ का कहना है कि ग्राम पंचायत अधिकारी की कार्यशैली ठीक नहीं है और उन्हें हिदायत दिए जाने के बाद उनके द्वारा अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं।
ग्राम पंचायत अधिकारी के निलंबन की कार्रवाई के साथ ही बीडीओ के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच भी जारी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित