कुशीनगर , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में बीडीओ की सरकारी और निजी गाड़ियों में आग लगाने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के बीडीओ राम खेलावन सेठ के सरकारी आवास की मरम्मत चल रही है। वर्तमान में वह रामपुर खुर्द गांव में किराये के मकान में रह रहे हैं। बीते गुरुवार आधी रात उनके आवास के बाहर खड़ी सरकारी और निजी वाहन में आग लगा दी गई थी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे।

मामले में थाना नेबुआ नौरंगिया में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल से पेट्रोल की गंध वाली खाली बोतल बरामद हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने बीडीओ आवास पर भोजन बनाने आने वाली युवती के मोबाइल का सीडीआर खंगाला, जिससे शक रामपुर खुर्द निवासी गोलू यादव पर गया।

थानाध्यक्ष चंद्र भूषण प्रजापति के अनुसार पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि उसका युवती से प्रेम संबंध है। उसने बताया कि बीडीओ द्वारा युवती को रात में आवास पर रोकना उसे नागवार गुजरता था। इसी से आक्रोशित होकर उसने बाइक से पेट्रोल निकालकर दोनों गाड़ियों पर छिड़ककर आग लगा दी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित