हरिद्वार , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) ने गुरुवार को दरगाह क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सघन जांच अभियान चलाया।

यह अभियान एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर संचालित किया गया, जिसमें डॉग स्क्वॉड की मदद से विभिन्न स्थानों पर बारीकी से जांच की गई।

बीडीएस टीम प्रभारी ललित मोहन के नेतृत्व में दरगाह परिसर, मुसाफिर खाना, दरगाह कार्यालय, साबरी गेस्ट हाउस और रैन बसेरा सहित कई अहम स्थानों की तलाशी ली गई। अभियान के दौरान डॉग स्क्वॉड में शामिल डॉग 'रोजर' ने संदिग्ध वस्तुओं की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

टीम ने सुरक्षा के मद्देनज़र दरगाह क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और उनके सामान की भी सघन जांच की। अधिकारियों के अनुसार, आगामी दिनों में संभावित भीड़ को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है, ताकि किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।

श्री ललित मोहन ने बताया कि क्षेत्र की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित