तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 28 -- केरल के कन्नूर स्थित एक निजी डेंटल कॉलेज के छात्र नितिन राज की मृत्यु के मामले में न्याय की मांग को लेकर बुलाए गये राज्यव्यापी हड़ताल का असर मंगलवार को पूरे राज्य में देखने को मिला।
एक कार्य परिषद द्वारा बुलाए गए और कई दलित संगठनों द्वारा समर्थित इस हड़ताल के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में छिटपुट हिंसक घटनाएं और व्यवधान डालने के मामले सामने आए। हालांकि आयोजकों ने शुरुआत में कहा था कि वाहनों को नहीं रोका जाएगा और दुकानों को जबरन बंद नहीं कराया जाएगा लेकिन कई इलाकों में प्रदर्शनकारी वाहनों को रोकते हुए नजर आए।
तिरुवनंतपुरम के तम्पानूर में प्रदर्शनकारियों ने राज्य परिवहन के एक बस को रोका, जिससे यातायात बाधित हुआ। इसी तरह की घटनाएं कनियापुरम, नेदुमंगद, अडूर, कन्नूर, एर्नाकुलम और तिरुवल्ला से भी सामने आईं, जहां पुलिस को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने और यातायात बहाल करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा।
कोट्टायम सहित कुछ स्थानों पर सड़क जाम होने से यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और यहां तक कि एम्बुलेंस भी देरी से पहुँचीं। हालांकि, कोझिकोड और वायनाड जैसे जिलों में शुरुआती घंटों के दौरान स्थिति अपेक्षाकृत सामान्य रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित