नयी दिल्ली , जनवरी 28 -- गणतंत्र दिवस के समापन समारोह के प्रतीक 'बीटिंग रिट्रीट' समारोह के दौरान गुरुवार को विजय चौक विविध धुनों से गूंजेगा ।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित केंद्रीय मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनता के समक्ष भारतीय सेना, नौसेना, वायु सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के बैंड इन धुनों की प्रस्तुति देंगे।
समारोह की शुरुआत 'मैस्ड बैंड' द्वारा 'कदम कदम बढ़ाए जा' धुन के साथ होगी। इसके बाद 'पाइप्स एंड ड्रम्स' बैंड 'अतुल्य भारत', 'वीर सैनिक', 'मिली जुली', 'झेलम' आदि मधुर धुनों की प्रस्तुति देगा। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के बैंड 'विजय भारत', 'हथरोही', 'जय हो' और 'वीर सिपाही' की धुन प्रस्तुत करेंगे।
भारतीय वायु सेना के बैंड द्वारा बजाई जाने वाली धुनों में 'ब्रेव वॉरियर', 'ट्वाइलाइट', 'अलर्ट' और 'फ्लाइंग स्टार' शामिल हैं, जबकि भारतीय नौसेना का बैंड 'नमस्ते', 'सागर पवन', 'मातृभूमि', 'तेजस्वी' और 'जय भारती' बजाएगा।
इसके बाद भारतीय सेना का बैंड 'विजयी भारत', 'आरंभ है प्रचंड है', 'ऐ वतन, ऐ वतन', 'आनंद मठ', 'सुगम्य भारत' और 'सितारे हिंद' जैसी धुनें पेश करेगा।
इस प्रस्तुति के बाद 'मैस्ड बैंड्स' द्वारा 'भारत की शान', 'वंदे मातरम' और 'ड्रर्मस कॉल' की धुनें बजाई जाएंगी, जबकि कार्यक्रम का समापन बिगुल वादकों द्वारा बजाई जाने वाली सदाबहार और लोकप्रिय धुन 'सारे जहाँ से अच्छा' के साथ होगा।
समारोह के मुख्य संचालक स्क्वाड्रन लीडर लीमापोकपम रूपचंद्र सिंह होंगे। भारतीय सेना के बैंड का संचालन सूबेदार मेजर प्रकाश जोशी करेंगे, जबकि एम एंटनी और वारंट ऑफिसर अशोक कुमार क्रमशः भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेना के बैंड का संचालन करेंगे।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल बैंड का संचालन इंस्पेक्टर चेतराम करेंगे। 'पाइप्स एंड ड्रम्स' बैंड का निर्देशन सूबेदार एसपी चौरसिया करेंगे, जबकि बिगुल वादकों का नेतृत्व सूबेदार मनोज कुमार करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित