खरगोन , जनवरी 21 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के कारण भाजपा के छोटे-छोटे नेताओं का भी पेट बड़ा हो गया है, जबकि कार्यकर्ता वहीं के वहीं रह गए हैं।

कल जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रवास के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के खून-पसीने की कमाई लूट रही है और सत्ता के संरक्षण में भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है।

श्री पटवारी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा के नेता और मंत्री लगातार महिलाओं व देश का अपमान कर रहे हैं, लेकिन पार्टी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती। उन्होंने मंत्री विजय शाह के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बावजूद न तो उनके खिलाफ मुकदमा चला और न ही मंत्री पद से हटाने की कार्रवाई हुई।

उन्होंने इंदौर के भागीरथपुरा में हुई मौतों पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी और कफ सिरप से 26 मौतों के मामले में स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के 13 मंत्री भ्रष्टाचार के मामलों में घिरे हुए हैं, लेकिन पार्टी ऐसे निष्क्रिय बैठी है जैसे, "चूहा खाने के बाद अजगर पड़ा रहता है।"उन्होंने कहा कि अहंकार की पराकाष्ठा से रावण नहीं बचा तो भाजपा क्या चीज है। प्रदेश का बेरोजगार युवा सब देख रहा है। खरगोन में टंट्या मामा की मूर्ति स्थापना से जुड़े कथित घोटाले पर उन्होंने कहा कि भाजपा और भ्रष्टाचार का चोली-दामन का साथ है और बिना 50 प्रतिशत कमीशन के कोई योजना पूरी नहीं होती।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित